सतना में पत्नी को फिनायल पिलाकर हत्या की कोशिश:आरोप- पति कहता था, तुम्हारे मरने से 35 लाख का लोन माफ हो जाएगा; गिरफ्तार

सतना में कर्ज से बचने की सनक ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया। 35 लाख रुपए के बैंक लोन से छुटकारा पाने के लिए एक पति ने अपनी ही पत्नी की हत्या की साजिश रच डाली। आरोपी ने फिनायल की गोलियां पानी में मिलाईं और पत्नी को जबरन पिला दिया। महिला की हालत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के बगहा इलाके का है। यहां रहने वाली पूर्णिमा त्रिपाठी ने पुलिस को बताया कि उनके पति अनुराग सोहन त्रिपाठी ने उनके नाम से “रुद्रा इंटरप्राइजेज” नाम की फर्म पंजीकृत कराई थी, जो सर्जिकल सामग्री के व्यवसाय से जुड़ी थी। इसी फर्म के नाम पर एसबीआई बैंक से 35 लाख रुपए का लोन लिया गया। शराब पीकर आया और मारपीट शुरू की
आरोप है कि लोन की पूरी राशि का उपयोग पति ने किया, जबकि कर्ज की जिम्मेदारी पत्नी के नाम पर रही। पीड़िता के अनुसार, 28 दिसंबर की रात अनुराग शराब के नशे में घर आया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे उनके चेहरे और मुंह पर चोटें आईं। इसके अगले दिन 29 दिसंबर की सुबह करीब 10:30 बजे विवाद फिर बढ़ गया। इसी दौरान आरोपी ने बाथरूम में रखी फिनायल की गोलियों को पीसकर पानी में मिलाया और पत्नी को जबरन पिला दिया। महिला का आरोप है कि पति ने कहा कि उसके मर जाने पर 35 लाख का लोन माफ हो जाएगा। महिला 1 जनवरी तक अस्पताल में भर्ती रही। डिस्चार्ज होने के बाद परिजनों के साथ देर रात थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस को मारपीट की तस्वीरें सौंपी
फिनायल मिला पानी पीने के बाद पूर्णिमा की हालत अचानक बिगड़ गई और उन्हें लगातार उल्टियां होने लगीं। होश आने पर उन्होंने अपने पिता को फोन कर पूरी घटना बताई। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, जहां बिरला अस्पताल में उनका उपचार किया गया। पीड़िता ने यह भी बताया कि शादी के बाद से ही पति द्वारा लगातार मारपीट और प्रताड़ना की जा रही थी। इससे पहले भी इस संबंध में जसो थाने में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी है। महिला ने पुलिस को मारपीट की पुरानी तस्वीरें भी सौंपी हैं, जिन्हें जांच में शामिल किया गया है। शादी के तीन महीने बाद मारपीट शुरू की
पीड़िता के पिता राजकुमार पांडेय ने बताया कि बेटी की शादी जून 2020 में हुई थी। शादी के कुछ महीनों बाद से ही दामाद का व्यवहार हिंसक हो गया था। कई बार समाज और परिवार के लोगों ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति नहीं बदली। उन्होंने कहा कि 28 दिसंबर की रात बेटी के साथ जो हुआ, वह माफ करने योग्य नहीं है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी पति अनुराग त्रिपाठी के खिलाफ बीएनएस की धारा 109(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पीड़िता का साढ़े तीन साल का एक बेटा भी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *