सतना जिले में शुक्रवार दोपहर मौसम में अचानक बदलाव आया। पिछले तीन घंटे से हल्की से मध्यम बारिश जारी है, जिससे तापमान में लगभग 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। रिमझिम फुहारों के बीच रुक-रुक कर बारिश हो रही है। काले बादलों के कारण दिन में ही अंधेरा छा गया है। सुबह अधिकतम तापमान 34.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। लगातार हो रही बारिश से वातावरण में ठंडक का एहसास हो रहा है। दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन में भी भक्तों को समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, छत्तीसगढ़ में बने कम दबाव के क्षेत्र के कारण बंगाल की खाड़ी से नमी आ रही है, जिससे यह बारिश हो रही है। पूर्वानुमान है कि शनिवार को भी रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहेगा और दो दिन बाद मौसम साफ होने की उम्मीद है।


