सतना जिले के मझगवां स्थित सतना-चित्रकूट बायपास पर शनिवार को एक सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की मौके पर मौत हो गई। यह घटना कैलाश राज एजेंसी के समीप हुई, जहां एक तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। मृतक की पहचान उमेद सिंह (पिता जमुना सिंह), निवासी लोटनी, थाना धारकुण्डी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उमेद सिंह मझगवां बायपास से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। वाहन सहित ट्रक चालक मौके से फरार
टक्कर इतनी भीषण थी कि उमेद सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया और मोटरसाइकिल के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद ट्रक चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही मझगवां थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अब मृतक की पहचान की पुष्टि करने के साथ ही फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुट गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।


