सतना में सीजन का सबसे ठंडा दिन, न्यूनतम पारा 5.2°:कोहरे का येलो अलर्ट, सुबह 50 मीटर विजिबिलिटी; दलहन-तिलहन फसलों पर पाले की आशंका

सतना में इस सीजन में मंगलवार अब तक का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया। शहर का न्यूनतम तापमान एक ही दिन में 4.5 डिग्री सेल्सियस गिरकर 5.2 डिग्री पर पहुंच गया। वहीं अधिकतम तापमान 1.4 डिग्री की बढ़त के साथ 25.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मंगलवार सुबह 4 बजे से 9 बजे तक घने कोहरे का असर रहा। इस दौरान विजिबिलिटी घटकर बमुश्किल 50 मीटर रह गई। हालांकि दिन चढ़ने के साथ कड़ी धूप निकली, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार सुबह हवा में नमी 94 प्रतिशत और शाम को 47 प्रतिशत दर्ज की गई। कोहरे को लेकर यलो अलर्ट, आगे भी रहेगा असर मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक जिला मुख्यालय समेत पूरे जिले में आने वाले दिनों में कहीं घना तो कहीं मध्यम स्तर का कोहरा छाया रह सकता है। इसी को देखते हुए कोहरे को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है। चित्रकूट प्रदेश में चौथे नंबर पर रहा सबसे कम अधिकतम तापमान के मामले में जिले की धर्मनगरी चित्रकूट मंगलवार को प्रदेश में चौथे स्थान पर रही। यहां अधिकतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने ठंड को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खासतौर पर हृदय रोगियों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है। दलहन-तिलहन और सब्जी फसलों पर पाले की आशंका न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट से किसान भी चिंतित हैं। कृषि विशेषज्ञों के अनुसार यदि तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा की गिरावट लगातार बनी रही, तो दलहन, तिलहन और सब्जी फसलों में पाला लगने की आशंका है। इस समय खेतों में गेहूं के साथ चना, मसूर और सरसों की फसल लगी हुई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *