सतना में 12 दिन बाद न्यूनतम पारा 10 डिग्री:रात और सुबह बढ़ी ठंडक, बर्फीली हवाओं का असर

सतना में उत्तर भारत से आ रही सर्द हवाओं के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। 12 दिन बाद शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है, जिससे रात और सुबह के समय गलन बढ़ गई है। लोग ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़ों का उपयोग कर रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इससे पहले 16 नवंबर को न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके बाद न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई थी और यह 13.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। अब उत्तर दिशा से आ रही बर्फीली हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवातीय तूफान के प्रभाव से हवा में नमी आ रही है। इस प्रभाव के कारण दिन में बादलों की सक्रियता बढ़ सकती है, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। बादल छंटने के बाद उत्तर भारत से आने वाली बर्फीली हवाएं तापमान को और नीचे लाएंगी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 26.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से डेढ़ डिग्री कम है। सुबह की नमी 84 प्रतिशत और शाम की नमी 54 प्रतिशत रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *