सतना-मैहर नो-फ्लाइंग जोन घोषित:संघ प्रमुख की सुरक्षा में 500 पुलिस जवान तैनात, 2 दिवसीय प्रवास आज से

सतना और मैहर में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के दौरे को देखते हुए कलेक्टर ने पूरे इलाके को रेड जोन और नो-फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया है। 4 अक्टूबर को सुबह 4 बजे से रात 8 बजे तक ड्रोन, पैराग्लाइडर और हॉट एयर बैलून उड़ाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। मोहन भागवत 4 और 5 अक्टूबर को सतना और मैहर में रहेंगे। उनकी सुरक्षा के लिए जेड प्लस सुरक्षा व्यवस्था की गई है। दोनों जगहों पर करीब 500 से ज्यादा पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। इनमें सतना में 350 और मैहर में 150 जवान शामिल हैं। सुरक्षा की जिम्मेदारी 5 एडिशनल एसपी और 15 डीएसपी को दी गई है। ऐसा रहेगा कार्यक्रम
संघ प्रचार प्रमुख विनोद कुमार ने बताया कि वे 3 अक्टूबर को नागपुर से इतवारी–रीवा ट्रेन से रवाना होकर 4 अक्टूबर की सुबह मैहर पहुंचेंगे। यहां वे मां शारदा देवी के दर्शन करेंगे और फिर सतना आएंगे। 5 अक्टूबर को प्रवास के दूसरे दिन सुबह 10:30 बजे वे सिंधी कैंप स्थित बाबा मेहरशाह दरबार साहिब का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे बीटीआई मैदान में आयोजित विशाल सभा को संबोधित करेंगे। इस सभा में बड़ी संख्या में स्वयंसेवक और आमजन शामिल होंगे। मोहन भागवत के दौरे को लेकर प्रशासन अलर्ट
रीवा पुलिस जोन के साथ-साथ जबलपुर से भी अतिरिक्त फोर्स बुलाया गया है। सुरक्षा इंतजामों में कोई कमी न रहे, इसके लिए अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां दी गई हैं। भागवत के प्रवास के दौरान किसी भी मेडिकल इमरजेंसी से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 5 मेडिकल टीम बनाई हैं। इनमें विशेषज्ञ डॉक्टर, फार्मासिस्ट और नर्सिंग स्टाफ को शामिल किया गया है। ये टीमें पूरे प्रवास के दौरान अलग-अलग जगहों पर तैनात रहेंगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *