सतना में मानसिक रूप से विक्षिप्त नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में बुजुर्ग ग्रामीण को जिले की सिंहपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। सिंहपुर थाना प्रभारी अजय अहिरवार ने बताया कि नाबालिग लड़की (16 वर्ष) 29 दिसंबर की सुबह घर से बिना बताए कहीं चली गई थी। उसके नहीं मिलने पर परिजन तलाश करने लगे। लेकिन कुछ पता नहीं चला। कई घंटों बाद जब लड़की घर लौटी तो माता-पिता उसकी हालत देखकर सकते में आ गए। टीवी देखने के बहाने बुलाया घर काफी पूछने पर पीड़िता ने आरोपी रामविश्वास चौधरी (60 वर्ष) के घर टीवी देखने के लिए जाने की बात कही। जहां आरोपी ने अकेले में उसके साथ रेप किया। इस खुलासे के बाद परिवार के लोग पीड़िता को थाने ले गए। जहां उसके बयान पर दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत कायमी कर 24 घंटे के अंदर आरोपी को पकड़ लिया गया। जिसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।


