भास्कर न्यूज | सरायकेला जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी ऋतु राज प्रियदर्शी की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय के सभागार में “सेफ इंटरनेट डे” को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया।मौके पर जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी ने कहा कि इंटरनेट ने हमारी लाइफस्टाइल आसान बना दी है,परंतु हमें सावधान और सतर्क रहकर इंटरनेट का उपयोग करना चाहिए। शॉर्टकट से पैसे कमाने और विभिन्न तरह की लालच में पड़कर लोगों की गाढ़ी कमाई मिनटों में चली जाती है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी नए नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगने की कोशिश करते हैं। जिसमें डिजिटल अरेस्ट,अधिक रिटर्न का लालच देकर निवेश करना, विभिन्न तरह के ऑनलाइन गेमिंग प्लेटफार्म इत्यादि शामिल है। जिला सूचना विज्ञान पदाधिकारी ने कहा कि साइबर फ्रॉड से बचने के लिए सुरक्षित तरीके से पैसे का ट्रांजैक्शन करें, सार्वजनिक स्थानों पर मोबाइल चार्जिंग,सार्वजनिक वाईफाई का इस्तेमाल करने से बचें, बिना जाने समझें अनजान लोगों के साथ रकम की लेनदेन नहीं करें, अनजान नंबर से आने वाले व्हाट्सएप कॉल एवं व्हाट्सएप वीडियो कॉल तथा इंटरनेशनल कॉल को रिसीव करने से बचें,स्वयं जागरूक बने एवं अपने परिवार के साथ साथ समाज को भी जागरूक करें। 1930 पर कॉल कर साइबर ठगी संबंधित मामले दर्ज कराएं : कार्यशाला में साइबर थाना प्रभारी दानिश इकबाल ने कहा कि कभी भी डिजिटल अरेस्ट की बात सुनकर भयभीत नहीं होना है। पैसा इन्वेस्ट कर अधिक रिटर्न देने वालों के जाल में नहीं फंसना है। उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी लोगों की अज्ञानता का फायदा उठाकर साइबर फ्रॉड करते हैं। साइबर फ्रॉड होने से 1930 नंबर पर कॉल करके तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शीघ्र शिकायत दर्ज कराएं और ट्रांजेक्शन ब्लॉक कराएं।


