सतीश हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांगी:बघेल समाज ने कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन, न्याय न मिलने तक जारी रहेगा संघर्ष

अखिल भारतीय पाल बघेल समाज के प्रतिनिधिमंडल ने सतीश कुमार हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर धौलपुर कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा। यह घटना राजाखेड़ा थाना क्षेत्र के दलेल का पुरा गांव में 6 जुलाई 2025 को हुई थी। समाज ने इस मामले में अब तक ठोस कार्रवाई न होने पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया। ज्ञापन में कहा गया है कि घटना को लगभग सात महीने बीत चुके हैं, लेकिन जांच की दिशा और कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं है। समाज का आरोप है कि अब तक की जांच रिपोर्ट संदिग्ध और पक्षपातपूर्ण प्रतीत होती है। उन्होंने यह आशंका भी जताई कि आरोपियों को संरक्षण दिया जा रहा है, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिल पा रहा है और आमजन का कानून व्यवस्था पर से विश्वास कमजोर हो रहा है। बघेल समाज ने मांग की है कि इस प्रकरण की उच्चस्तरीय, स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच सीबीआई या विशेष जांच दल (SIT) से कराई जाए। इसके साथ ही, अब तक की जांच की समीक्षा कर दोषी पुलिस अधिकारियों की भूमिका की भी निष्पक्ष जांच की जाए और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। समाज ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही पारदर्शी और न्यायोचित कार्रवाई शुरू नहीं की गई, तो पूरे जिले में व्यापक, लोकतांत्रिक और तीव्र जनआंदोलन किया जाएगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपते समय पीड़ित परिवार के सदस्य और बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद थे। समाज ने यह भी कहा कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा, उनका संघर्ष जारी रहेगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *