राजनांदगांव के जी ई रोड स्थित सत्यानंद योग आश्रम में बाल योग शिविर का समापन समारोह आयोजित किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य बच्चों की शारीरिक, मानसिक क्षमता, एकाग्रता और बौद्धिक विकास करना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि वे स्वयं भी घर में योग करते हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान योग की वजह से वे प्रतिदिन 20 किलोमीटर की यात्रा कर पाए। योग के कारण ही उन्हें महापौर के रूप में लोगों की सेवा का अवसर मिला। बच्चों ने किया योगाभ्यास का प्रदर्शन सत्यानंद योगाश्रम में बिहार योग विद्यालय-मुंगेर की योग पद्धति का नियमित प्रशिक्षण दिया जाता है। कार्यक्रम में बच्चों ने योगाभ्यास का प्रदर्शन किया। गुरु मंत्र के साथ शांति पाठ का आयोजन किया गया। बच्चों को प्रोत्साहन सामग्री भी दी गई। कार्यक्रम में आश्रम के स्वामी स्वयंभूनाथ जी, स्वामी गोरखनाथ जी, योग प्रशिक्षक आत्मचैतन्य जी, तारिणी जी सहित बड़ी संख्या में आश्रम से जुड़े लोग मौजूद रहे।


