सनावद में हनीट्रैप गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार:तीन महिलाएं शामिल; वीडियो बनाकर दुष्कर्म में फंसाने की धमकी, ढाई लाख मांगे

खरगोन जिले के सनावद में पांच सदस्यों के एक हनीट्रैप गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने इस गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें तीन महिलाएं शामिल हैं। यह गिरोह आपत्तिजनक वीडियो बनाकर लोगों को दुष्कर्म के झूठे मामलों में फंसाने और ब्लैकमेल करने का काम करता था। बड़वाह एसडीओपी अर्चना रावत ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि सताजना निवासी एक पीड़ित ने 6 फरवरी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के अनुसार, 2 फरवरी को सपना नाम की महिला ने उसे बार-बार फोन कर पद्मावती कॉलोनी स्थित अपने घर बुलाया। वहां सहमति से संबंध बनाए जा रहे थे, तभी दो पुरुष और एक अन्य महिला कमरे में आ गए। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपए मांगे
गिरोह की सदस्य वैजन्ती ने कमरे में रखे मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड करने की धमकी दी। उसने वीडियो वायरल करने, जान से मारने और दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर पीड़ित से ढाई लाख रुपए की मांग की। डर के मारे पीड़ित ने उन्हें 10 हजार रुपए दिए थे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने मुख्य आरोपी वैजन्ती को हिरासत में लिया। पूछताछ में वैजन्ती ने समीर, सावन (दोनों निवासी ट्रेचिंग ग्राउंड) और दो अन्य महिलाओं के गिरोह में शामिल होने की जानकारी दी। पुलिस ने निशानदेही पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों से अभी पूछताछ जारी है। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह ने ऐसे ही अन्य मामलों में भी लोगों को ठगा होगा, जिनके खुलासे की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *