राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जयपुर के एक्शन प्लान के तहत करौली में विधिक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला एवं सत्र न्यायाधीश माधवी दिनकर के निर्देशन में हुआ। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश ममता चौधरी ने इसका नेतृत्व किया। टैगोर उच्च माध्यमिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने रैली में हिस्सा लिया। रैली सिविल न्यायालय परिसर से शुरू हुई। यह सीनियर सेकेंडरी स्कूल, पंचायत समिति कार्यालय, तहसील कार्यालय और मुख्य बाजार से होकर गुजरी। छात्रों ने शांतिपूर्वक बुजुर्गों के सम्मान का संदेश लोगों तक पहुंचाया। न्यायालय परिसर में मीडिएशन पर एक बैठक भी हुई। इसमें छात्र-छात्राओं को बुजुर्गों का सम्मान करने और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की सीख दी गई। कार्यक्रम में सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट सुमन मुंडोतिया, अधिवक्ता, न्यायालय कर्मचारी और अधिकार मित्र रामराज बैरवा सहित कई लोग मौजूद रहे।


