भरतपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कैलाश विश्नोई ने गुरुवार को सपोटरा पुलिस थाना परिसर में जनसुनवाई की। इस दौरान कानून-व्यवस्था, नशा, सट्टा और लंबित मामलों से संबंधित दो दर्जन से अधिक शिकायतें दर्ज की गईं। आईजी ने संबंधित अधिकारियों को इन परिवादों के शीघ्र और निष्पक्ष निपटारे के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान आईजी विश्नोई ने आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा, अवैध गतिविधियों और लंबित मामलों पर सख्त कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को इन मुद्दों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में कई विशिष्ट शिकायतें भी सामने आईं। पुजारी तुलसीराम शर्मा ने जाखौदा मंदिर की माफी भूमि पर प्रभावशाली लोगों द्वारा वर्षों से किए गए कब्जे की शिकायत की। एक अन्य परिवादी ने 14 जून को नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी की अब तक गिरफ्तारी न होने का मुद्दा उठाया। रज्जो देवी बैरवा ने अपनी खातेदारी भूमि पर पट्टी न गाड़ने देने और पंकज गोरेहार ने निलंबित बैंक मैनेजर के खिलाफ कार्रवाई न होने की शिकायत दर्ज कराई। भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष मोहर सिंह मीणा ने पुलिस प्रशासन से संबंधित कई मुद्दे उठाए। उन्होंने सपोटरा थाना, नारौली डांग चौकी और हाड़ौती क्षेत्र में स्टाफ व संसाधनों की कमी का जिक्र किया। मीणा ने दौलतपुरा चौकी के तीन वर्षों से बंद होने, शराब-स्मैक की अवैध बिक्री और बिना नंबर वाहनों के संचालन पर भी चिंता व्यक्त की। पुलिस मित्र गौरव कुमार ने अवैध खनन-परिवहन, चोरी और नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी दी। अन्य परिवादों में गज्जूपुरा निवासी बत्तीलाल ने झोंपड़ी पर कब्जे, मुकेश मीणा ने खेत-प्लॉट पर जबरन कब्जे व सरकारी रास्ता बंद करने, रामकेश मीणा ने फसल नष्ट करने और राजेंद्र शर्मा ने स्टे भूमि पर कब्जे व बेचान की शिकायत की। शिवकुमार शर्मा ने चारदीवारी निर्माण में बाधा और पारिवारिक विवाद में कार्रवाई न होने का मुद्दा उठाया। भाजपा जिला महामंत्री चंद्रकला मीणा ने पेंशन खाते से हुई साइबर ठगी का मामला भी दर्ज कराया। जनसुनवाई में सपोटरा के चर्चित हाड़ौती निवासी मस्तराम और जोड़ली के युवक बनवारी की संदिग्ध मौतों के मामलों का अब तक खुलासा न होने पर भी सवाल उठाए गए। इस पर आईजी ने नाराजगी व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक को इन मामलों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। रिटायर्ड आईएएस पी.आर. मीणा ने नियमित जनसुनवाई शिविर आयोजित करने, तेज आवाज में डेक बजाने वाले वाहनों पर कार्रवाई करने, अवैध शराब व ड्रग्स पर नियंत्रण स्थापित करने और बालिका विद्यालयों के आसपास विशेष निगरानी रखने की मांग की। अंत में एसपी सोनवाल ने सभी परिवादों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।


