गिरिडीह|कोलकाता के सिस्टर निवेदिता यूनिवर्सिटी में एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज (एआइयू) द्वारा आयोजित 7-12 छः दिवसीय 38वें ईस्ट जोनल यूथ फेस्टिवल सह राष्ट्रीय युवा महोत्सव जोनल प्रतियोगिता मे गिरिडीह कॉलेज की टीम शामिल होकर अपना उम्दा प्रदर्शन करते हुए रजत और कांस्य पदक जीता। प्रतियोगिता में विनोबा भावे विश्वविद्यालय को चैंपियनशिप मिला। गिरिडीह कॉलेज की संगीत टीम शशांक शेखर, निरंजन पंडित, अस्मिता मरांडी और ऋषि राय चौधरी ने वेस्टर्न ग्रुप सांग श्रेणी में रजत पदक जीता। जिसका श्रेय मेंटर अभिनव आदित्य और विवेक कुमार को जाता है। रॉनाल्ड रॉबर्ट मुर्मू (गिरिडीह कॉलेज) ने वेस्टर्न इंस्ट्रूमेंटल सोलो में कास्य पदक जीता और फॉक ट्राइबल डांस श्रेणी में विभायू. की टीम ने चौथा स्थान हासिल किया। टीम में सुप्रिया कुमारी और सृष्टि कुमारी गिरिडीह कॉलेज की छात्रा शामिल थी। गिरिडीह कॉलेज की श्वेता कुमारी ने हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में भाग लिया और कॉलेज का प्रतिनिधित्व किया। प्राचार्य अनुज कुमार ने कहा कि सभी विजेता 03-07 मार्च को राष्ट्रीय स्तर पर कला व संस्कृति संबंधी प्रतियोगिता (राष्ट्रीय युवा महोत्सव) में अमेटी विश्वविद्यालय, नोएडा में भाग लेंगे। यह सफलता छात्रों और उनके मेंटर्स की मेहनत और प्रतिभा का प्रमाण है। अब टीम नेशनल लेवल यूथ फेस्टिवल में विवि का प्रतिनिधित्व कर अधिक गौरव हासिल करने के लिए तैयार है। टीम की सफलता पर कॉलेज में हर्ष का माहौल है। इससे साबित होता है कि यहां के छात्रों में अध्ययन के साथ-साथ कला और संस्कृति की अच्छी पकड़ है। सभी शिक्षकों और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों ने सभी को बधाई दी।


