जांजगीर | कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने चांपा स्थित स्वामी विवेकानंद उद्यान और रामबांधा तालाब का निरीक्षण कर क्षेत्र की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को लेकर अधिकारियों को निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान नगरपालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, पार्षद और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि स्वामी विवेकानंद उद्यान के जीर्णोद्धार की विस्तृत कार्ययोजना शीघ्र तैयार की जाए। उन्होंने उद्यान में नियमित घास कटाई, वृक्षारोपण, आकर्षक पौधों के रोपण, वॉकिंग ट्रैक की मरम्मत और ओपन जिम उपकरणों की देखरेख सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रामबांधा तालाब में फैली जलकुंभी को वैज्ञानिक तरीके से हटाने तथा जल की स्वच्छता और गहराई बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। तालाब के किनारे लाइटिंग, बेंच और शेड लगाने पर भी जोर दिया गया, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। कलेक्टर ने उद्यान में कचरा प्रबंधन के तहत अलग-अलग डस्टबिन लगाने, स्वच्छता और हरियाली बनाए रखने के लिए जनअभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह गार्डन और तालाब चांपा शहर की नई पहचान बन सकते हैं और स्थानीय नागरिकों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र साबित होंगे।


