सब्जी और फल उत्पादों के संरक्षण के गुर बताए:डिंडौरी में किसानों के लिए कार्यशाला; नशे से दूर रहने की दी सलाह

डिंडौरी में शुक्रवार को खाद्य प्रसंस्करण विभाग ने किसानों के लिए एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। यह कार्यशाला संजय निकुंज नर्सरी में हुई, जिसमें सब्जी और फल उत्पादों के निर्माण, पैकिंग और संरक्षण पर कृषि विशेषज्ञों ने जानकारी दी। कार्यशाला को जिला पंचायत अध्यक्ष रुदेश परस्ते, यातायात थाना प्रभारी सुभाष उईके और कृषि विभाग के विशेषज्ञों ने संबोधित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष ने किसानों से कहा कि कृषि विशेषज्ञों से मिली जानकारी का उपयोग कर वे अपने उत्पादों का निर्माण और बिक्री बढ़ाकर आत्मनिर्भर बन सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार छोटे किसानों को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। कृषि विभाग से डॉ. रेनू पाठक ने किसानों को पेड़ों की कटिंग, पौधे लगाने की विधि, सब्जी उत्पादों के संरक्षण, स्थानीय खाद्य उत्पादों की गुणवत्ता जांच और मृदा परीक्षण के बारे में जानकारी दी। डॉ. अवधेश पटेल ने रबी की फसलों और सब्जियों की खेती पर प्रकाश डाला। वहीं, डॉ. श्वेता मसराम ने बागवानी फसलों के नर्सरी प्रबंधन के साथ-साथ दलहन और तिलहन फसलों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। नशे से दूर रहें यातायात थाना प्रभारी सुभाष उईके ने सुरक्षित यात्रा के लिए नशे से दूर रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर जन अभियान परिषद के अध्यक्ष विनय पाराशर, धर्मेंद्र चौहान और आर.पी. कुशवाहा सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *