भास्कर न्यूज | अमृतसर जिले के 20 सब-रजिस्ट्रार और नायब तहसीलदारों का तबादला होने के बाद डीसी ने कानूनगो को रजिस्ट्रेशन की जिम्मेदारी सौंपी। मगर कानूनगो को 2 जगह चार्ज दिए जाने के कारण 6 घंटे के बाद दोपहर 3 बजे से रजिस्ट्री का काम शुरू हो सका। इससे पहले कानूनगो बड़ी तहसील में अपनी आईडी बनवाने के लिए कॉम्प्लेक्स के बाहर बहस करते रहे। रजिस्ट्री दफ्तरों में सिस्टम सुधारने के लिए सूबे भर के 15 रेवेन्यू अफसरों का सस्पेंशन तो 235 का तबादला किया गया। मगर कानूनगो के हाथ में कमान आने के बाद रजिस्ट्रार दफ्तरों में जमकर नियमों का उल्लंघन हुआ। तहसील वन के रजिस्ट्री क्लर्क दफ्तर में प्राइवेट कारिंदा रिकॉर्ड चेक करने के अलावा लोगों के काम भी करवाता रहा। रिकॉर्ड रूम में बेझिझक प्राइवेट लोगों की एंट्री होती रही। लोग वेटिंग हॉल में अपनी रजिस्ट्री करवाने को घंटों इंतजार करते रहे। उधर, जिनकी क्लर्कों से सेटिंग थी वो रजिस्ट्रार दफ्तर में एंट्री कर अपने काम करवाते नजर आए जिन्हें रोकने-टोकने वाला कोई नहीं था।


