सवाई माधोपुर नगर परिषद क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ फिर से अभियान चलाया जाएगा। इसी के साथ नगर परिषद क्षेत्र में सफाई, बिजली की व्यवस्था जल्द ही दुरूस्त की जाएगी। यह जानकारी नगर परिषद सभापति मेघा वर्मा ने गुरुवार को यहां दी। प्रेस वार्ता के दौरान दी जानकारी नवनियुक्त सभापति मेघा वर्मा ने नगर परिषद सभापति चैंबर में मीडियो से बातचीत में अपने 15 दिन के कार्यकाल के दौरान किए गए कामों को ब्योरा रखा। सभापति वर्मा ने बताया कि उन्होंने कार्यभार ग्रहण करने के बाद सभी वार्डों का दौरा कर सर्वे किया जिसमें मुख्य रूप से सफाई और बिजली की समस्या सामने आई है। सभापति ने बताया कि सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए UDH मंत्री झाबर सिंह खर्रा को पत्र लिख कर बजट मांगा है। नगर परिषद में बजट की कमी है। जिसके चलते सफाई कर्मचारियों को कई महीने से वेतन नहीं मिला है। रोड लाइट के लिए टेंडर जारी
बिजली को लेकर सभापति ने कहा कि रोड लाइटों के लिए दस लाख रुपए के टेंडर जारी कर दिए गए हैं। जल्द ही नगर परिषद क्षेत्र में रोड लाइटों को सही करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर परिषद क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ फिर से अभियान चलाया जाएगा जिससे शहर को स्वच्छ बनाया जा सके। शहर को सुंदर बनाने के लिए लोगों से सुझाव भी लिये जा रहे हैं। जिसके बाद शहर की सुंदरता को बढ़ाया जाएगा।


