भास्कर न्यूज | बालोद जिले के 5 ब्लॉक में 14 एंबुलेंस के माध्यम से संजीवनी टीम ने 12 हजार 567 लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर जिंदगी बचाई है। संजीवनी टीम ने सालाना रिपोर्ट जारी किया है। जिसके अनुसार एक साल में 12 हजार 567 लोगों को आपातकालीन सेवाएं दी गई हैं। इनमें सड़क हादसे के बाद 1345 घायलों को जिला अस्पताल सहित सीएचसी, पीएचसी, उप स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इसके अलावा 502 गर्भवती महिलाओं को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया। आत्महत्या के 463 मामले में पीड़ितों को अस्प्ताल पहुंचाकर जान बचाई गई। कार्डियक अरेस्ट के 3 और जंगली जानवरों के हमले के शिकार 282 लोगों की भी जान बची है। पेट दर्द, बुखार जैसे अनेक बीमारियों से पीडित 9 हजार 972 लोगों को अस्पताल पहुंचाया गया। जिला समन्वयक दानेश सार्वा ने बताया कि जिले में 14 एंबुलेंस है। एंबुलेंस के संचालन, मरीजों को लाने व ले जाने के लिए 70 कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। समय पर लोगों का इलाज होने से राहत मिल रही है। 108 के कर्मचारी 24 घंटे आम लोगों की सेवा में लगे हुए हैं। संजीवनी टीम ने की पहल बालोद ब्लॉक के जिला अस्पताल में 2, डौंडीलोहारा ब्लॉक में 2, डौंडी ब्लॉक में 3, गुरूर ब्लॉक में 3 और गुंडरदेही ब्लॉक में 4 एंबुलेंस उपलब्ध है। जिसके माध्यम से आपातकाल में मरीजों को संजीवनी टीम के कर्मचारी अस्पताल पहुंचा रहें है। आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में 108 अपने नाम को संजीवनी के अनुरूप सार्थक कर रही है। इमरजेंसी सेवा का संचालन करने वाली संस्था ने वर्ष 2024 में 1 जनवरी से 31 दिसंबर तक के आंकड़ा जारी किया है।


