पूर्व विधायक और कांग्रेस नेता प्रहलाद गुंजल ने कहा कि समरावता में सरकार के अफसरों ने आतंकवादियों की तरह हमला कर दस करोड़ का नुकसान कर दिया। सरकार की मानसिकता फिरंगी सरकार जैसी है। नरेश मीणा की रिहाई को लेकर 25 फ़रवरी को विधानसभा घेराव की तैयारियों को लेकर टोंक आए प्रहलाद गुंजल ने मीडिया से बातचीत में कहा, अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने वाले नरेश मीणा को जेल से बाहर नहीं आने देने की मंशा से सरकार ने हाईकोर्ट में डबल एजी लगा दिए। जबकि नरेश मीणा ऐसा कोई बड़ा काम नहीं किया। सरकार ने जबरन वोट डलवाने वाले SDM के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। सरकार की ऐसी ही अंग्रेजों वाली मानसिकता रही तो फिर क्या होगा। राजस्थान इस पर चुप्पी साध जाता है तो मुझे बहुत तकलीफ है। प्रशासन की इस वृत्ति पर अंकुश नहीं। इस अपराध के लिए सरकार ने पेनेलाइज करने का कोई स्टैप नहीं उठाया तो इसका खामियाजा राजस्थान को उठाना होगा। प्रशासनिक अत्याचार और गुंडागर्दी किस हद तक जाएगी। गुंजल ने कहा, नैतिक तरीके से हमारी बात आखिरी दम तक कहेंगे। नरेश मीणा की रिहाई को लेकर 25 फ़रवरी को विधानसभा घेराव होगा जो अन्याय के खिलाफ लड़ने की मानसिकता रखता है, वे लोग न्याय दिलाने के लिए जयपुर जाएंगे। जयपुर में नगरफोर्ट में हुई महापंचायत सेे चार गुणा लोग जाएंगे। सरकार की दमनकारी नीति बर्दाश्त नहीं करेंगे।किरोड़ी लाल मीणा को लेकर कहा कि उन्हे नैतिकता के आधार पर इस लड़ाई में साथ देना चाहिए।


