गिरिडीह में 16 जुलाई को बराकर नदी स्थित सोनबाद घाट में मिले शव की पहचान पुलिस ने बिहार के समस्तीपुर निवासी राजीव कुमार राय (42) के रूप में की है। राजीव उजियारपुर थाना इलाके के चपता गांव के रहने वाले थे। मृतक के छोटे भाई ने जमीन कारोबार के विवाद में हत्या का आरोप लगाया है। कटिहार के तीन लोगों पर लगाया आरोप राजीव का शव ताराटांड़ थाना क्षेत्र के बराकर नदी स्थित सोनबाद घाट में मिला था। गुरुवार को पोस्टमॉर्टम करा पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। ताराटांड़ थाना पहुंचकर मृतक के छोटे भाई नवीन कुमार राय ने कटिहार के रहने वाले संतोष मिश्रा, प्रकाश मिश्रा और चंदन कुमार पर हत्या कर शव को नदी में फेंकने का आरोप लगाया है। राजीव समस्तीपुर में जमीन का करते थे कारोबार नवीन कुमार का आरोप है कि उसके भाई की हत्या जमीन कारोबार को लेकर की गई। छह लोगों ने मिलकर साजिश रची। हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए बराकर नदी में फेंक दिया। राजीव समस्तीपुर में जमीन का कारोबार कटिहार के रहने वाले संतोष मिश्रा, प्रकाश मिश्रा और चंदन कुमार के साथ करते थे। कुछ समय से राजीव का इन लोगों से विवाद चल रहा था।
12 जुलाई को सभी राजीव को गिरिडीह लेकर आए थे 12 जुलाई को सभी लोगों ने राजीव को गिरिडीह घुमाने के बहाने बुलाया। कहा कि उसे उसरी नदी वाटरफॉल दिखाने ले जा रहे हैं। चंदन कुमार का ससुराल गिरिडीह के राजेंद्र नगर में है। चार दिन बीतने के बाद जब वे संतोष मिश्रा के घर पहुंचे और राजीव के बारे में पूछा तो संतोष ने कहा कि उन्हें कुछ नहीं पता। जबकि कार से संतोष मिश्रा, प्रकाश मिश्रा के साथ दोनों की पत्नियां, चंदन कुमार और राजीव साथ गिरिडीह आए थे। नवीन ने आरोप लगाया कि इन्हीं छह लोगों ने राजीव की हत्या कर शव नदी में फेंका।


