बीकानेर | राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम बीकानेर आगार के कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए मुख्य प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा है। राजस्थान स्टेट रोडवेज एम्पलाइज यूनियन एटक की बीकानेर शाखा के पदाधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों द्वारा पहले से उठाई गई समस्याओं के समाधान की अपील की गई है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। यूनियन ने चेतावनी दी है कि अगर समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे 16 फरवरी 2025 से प्रदर्शन और धरने पर बैठेंगे। ज्ञापन में कर्मचारियों ने कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाया है, जिनमें मुख्य रूप से मासिक वेतन और पेंशन का समय पर भुगतान, अवकाश स्वीकृति में भेदभाव की समाप्ति, कार्यस्थल पर कर्मचारियों के उचित पदस्थापन, 12-13 घंटे की निरंतर ड्यूटी के बजाय कर्मचारियों के कार्य घंटे की उचित व्यवस्था, और कर्मचारियों पर आर्थिक दबाव को कम करने के लिए आय और डीजल औसत के आरोपों की समाप्ति शामिल हैं। बीकानेर शाखा के शाखा अध्यक्ष रोशन अली ने यह स्पष्ट किया कि 16 फरवरी 2025 से बीकानेर आगार के कर्मचारी प्रदर्शन और धरना आंदोलन शुरू करेंगे, जो पूरी तरह से कर्मचारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए होगा।


