समस्या के निराकरण के लिए नियुक्त किए प्रभारी

भास्कर संवाददाता | बड़वानी इंदौर की घटना के बाद बड़वानी नगर पालिका अलर्ट मोड पर आ गई है। शनिवार को नगर पालिका अमले सहित जनप्रतिनिधियों ने शहर में वितरण होने वाले नर्मदा जल की विभिन्न वार्डांे से सैंपल लेकर लोक स्वास्थ्य यांत्रिक विभाग की जिला जल परीक्षण प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए। वहीं शहर में पानी से संबंधित समस्या के निराकरण के लिए प्रभारी भी नियुक्त किए गए है। शनिवार को शहर में कई स्थानों पर पानी की लाइन लीकेज की समस्या पर नगर पालिका अमले ने गड्‌ढे खोदकर लाइन को दुरुस्त किया गया। शहर में जल प्रदाय पाइप लाइन में संभावित लीकेज की जांच सहित सुधार के लिए संबंधित जल प्रदाय प्रभारी और वाल्व ऑपरेटरों को तत्काल सर्वे करने के निर्देश दिए गए। जल आपूर्ति व्यवस्था को पूरी तरह सुरक्षित बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं। किसी भी समस्या की स्थिति में नागरिक संबंधित प्रभारी मुन्नालाल चौहान 8719017235 और जल वितरण प्रभारी अनिल जोशी 9993677513 को तत्काल सूचित करें। नपा के सहायक यंत्री पुष्पराज अजनारे ने बताया शनिवार को शहरी आजीविका मिशन अंतर्गत पंजीकृत समूह की महिला द्वारा पोर्टेबल टेस्ट कीट के माध्यम से शहर के विभिन्न ओवरहेड वाटर टैंक की जल गुणवत्ता का परीक्षण किया। लैब में दिए गए पानी के सैंपल में बैक्टीरिया की जांच रिपोर्ट तीन दिन में आएगी। शिकायत के आधार पर शहर में तीन स्थानों पर लीकेज की जांच कर दुरुस्त कराया गया। पिछले माह नपा द्वारा नर्मदा जल, पानी की टंकियों, घरेलू व शासकीय नलों के पानी के सैंपल लेकर पीएचई की लैब में जांच के लिए दिए थे। लैब में 14 प्रकार से पानी की भौतिक व रासायनिक जांच की गई। रिपोर्ट के अनुसार पानी में की गई क्लोरीन प्रक्रिया का परिणाम संतोषजनक और मानक अनुरूप पाया गया। जिला प्रशासन द्वारा शुद्ध जल प्रदाय प्रणाली के निरीक्षण के लिए जिपं सीईओ सहित सभी निकाय के सीएमओ, पीएचई और एनवीडीए के कार्यपालन यंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *