भास्कर न्यूज | अमृतसर भारतीय नरेंद्र मोदी संघ (नमो संघ) ने संगठन में बड़ा फेरबदल किया है। संघ के पंजाब अध्यक्ष अतुल कपूर ने राष्ट्रीय मुख्य संरक्षक डॉ. नरेश बंसल और राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मनोज तोमर की मंजूरी से इंजीनियर मनीष महाजन को संघ का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति जालंधर के एक होटल में हुई बैठक में डॉ. बंसल की उपस्थिति में की गई। पूर्व में मनीष महाजन संघ के जिला अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे। उनकी प्रभावी कार्यशैली, मजबूत नेतृत्व क्षमता और समर्पित व्यक्तित्व को देखते हुए उन्हें प्रदेश स्तर का दायित्व सौंपा गया है। महाजन 3 बार भाजपा ह्यूमन राइट्स सेल के जिला संयोजक रह चुके हैं और जन लोकपाल आंदोलन दौरान जनतंत्र मोर्चा के जिला संयोजक की भूमिका भी निभा चुके हैं। वह एक समाजसेवक और नियमित रक्तदाता होने के साथ-साथ सोशल मीडिया पर गायकी के लिए भी चर्चित हैं। नमो संघ देशभर में केंद्र सरकार की नीतियों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए सक्रिय है। नियुक्ति पर शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए महाजन ने कहा कि जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। इस अवसर पर कई पदाधिकारी और टीम मेंबर मौजूद रहे।


