बैकुंठपुर | कोरिया जिले के ग्राम पंचायत तिलवनडांड स्थित सामुदायिक भवन में कोया पुनेम गोंडवाना महासभा जिला इकाई कोरिया की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष रमेश सिंह टेकाम ने की। कार्यक्रम में गोंगपा प्रदेश अध्यक्ष इंजीनियर संजय सिंह कमरों मुख्य अतिथि और महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मनोज सिंह कमरों विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि इंजीनियर संजय सिंह कमरों ने कहा कि गोंडवाना संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में मातृ शक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि गोंडवाना समाज की सांस्कृतिक संरचना समानता पर आधारित है, जहां मातृ शक्ति और पितृ शक्ति को समान सम्मान दिया जाता है। समाज के समग्र विकास के लिए मातृ शक्तियों को नेतृत्व में आगे आना चाहिए। विशिष्ट अतिथि मनोज सिंह कमरों ने कहा कि कोया पुनेम गोंडवाना महासभा ने समाज के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक उत्थान के लिए एक विस्तृत रोडमैप तैयार किया है, जिसके माध्यम से समाज का सर्वांगीण विकास संभव है।


