समाज में समरसता बनाए रखने पर दिया जोर

भास्कर न्यूज | पटना समाज सुधारक और वैष्णव भक्ति धारा के महान संत जगतगुरु स्वामी रामानन्दाचार्य महाराज का 726वां जन्मोत्सव प्राचीन शिव मंदिर प्रांगण में मनाया गया। वैष्णव बैरागी ब्राह्मण समाज संभाग सरगुजा द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में समाज के उत्थान और सामाजिक समरसता पर बल दिया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महामंडलेश्वर श्री जानकी दास वैष्णव, मुख्य सलाहकार नर्मदा नारायण दास, जिला अध्यक्ष मोहन दास और मुख्य सचिव चेतमणी वैष्णव द्वारा स्वामी के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित कर और माल्यार्पण के साथ किया गया। उपस्थित सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने पुष्प व श्रीफल अर्पित कर स्वामी जी को पुष्पांजलि दी। इस अवसर पर सचिव चेतमणी वैष्णव ने स्वामी जी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने तत्कालीन समाज में व्याप्त जातिगत भेदभाव को कड़ी चुनौती दी थी। कबीर, रैदास और धन्ना जैसे शिष्यों को अपनाकर उन्होंने सामाजिक सुधार और आध्यात्मिक जागरूकता के नए द्वार खोले। उनकी शिक्षाओं ने ही भक्ति आंदोलन को जन-जन का आंदोलन बनाया। मुख्य सचिव ने संबोधन में 28 दिसंबर 2025 को सूरजपुर में आयोजित विशाल महासम्मेलन की सफलता का उल्लेख किया और सक्रिय कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के योगदान की सराहना की। बैठक में समाज के भविष्य के कार्यों पर चर्चा करते हुए सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समाज के नाम से मुख्यालय सूरजपुर के बैंक में आधिकारिक खाता खोला जाएगा। समाज को और अधिक संगठित और सशक्त करने के लिए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई। कार्यक्रम में जिला कोषाध्यक्ष कृपाल दास, संचालक हरिहर दास, सोमेंद्र नारायण, अर्जुन बाबा, वीरेंद्र वैष्णव, उदय दास, हरिनंदन, पिंटू वैष्णव, यशोमती वैष्णव, सपना वैष्णव, कुमारी खुशी, सिम्मी, दीक्षा उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *