भास्कर न्यूज | पटना पटना के पानी टंकी मैदान में रविवार को विशाल हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस समागम में क्षेत्र के हिंदू समाज ने अपनी एकजुटता का परिचय दिया और सनातन संस्कृति व संस्कारों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों द्वारा भगवान श्रीराम की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। सेवानिवृत्त शिक्षक रामअवतार मिश्रा ने वैदिक मंत्रोच्चार कर वातावरण को आध्यात्मिक बनाया। गायत्री प्रज्ञा पीठ सावांरावां के नन्हे बच्चों ने अपनी सुमधुर भजनों से समां बांध दिया। सर्वमंगला मानस मंडली के कलाकार आकाश यादव व अन्य साथियों ने सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ किया, जिससे पूरा मैदान भक्तिमय हो गया। मुख्य वक्ता व आरएसएस के जिला कार्यवाहक कमलेश गुप्ता ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, हिंदू समाज की असली शक्ति उसकी एकता में छिपी है। युवाओं को आधुनिकता के साथ अपनी परंपराओं और संस्कारों को भी जीवित रखना होगा। सामाजिक कुरीतियों पर प्रहार सेवानिवृत्त प्राचार्य मीना शाही और राम अवतार मिश्रा ने समाज में बढ़ती नशाखोरी और आपसी मनमुटाव पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक समरसता पर जोर दिया। मीना शाही ने कहा कि एक आदर्श समाज के निर्माण में महिलाओं का योगदान सर्वोपरि है। आयोजक मंडल सुनील सोनी, पारस साहू, अनिल साहू, लखपती मानिकपुरी, विकास सोनी व ब्रिजेश साहू द्वारा अतिथियों का केसरिया गमछा और नारियल भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में डॉ. एके. सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष गायत्री देवी सिंह, रविशंकर शर्मा, डॉ. महेश मिश्रा, योगेंद्र मिश्रा, भोला चक्रधारी, शशि प्रकाश जायसवाल, रूपचंद्र गुप्ता, शिवशंकर राजवाड़े, विजय सिंह, मधुसूदन साहू, राजेंद्र सोनी, राजेश साहू और रामाधार सोनी उपस्थित रहे।


