समाधान करने वाला कोई अधिकारी नहीं, बिना आयुक्त और एडीएम के ही चल रहा है क्या शिविर?: प्रभारी सचिव

भास्कर न्यूज |बाड़मेर नगरपरिषद में शहरी समस्या समाधान शिविर में शुक्रवार दोपहर को जिले के प्रभारी सचिव सुबीर कुमार अचानक निरीक्षण के लिए पहुंच गए। अधिकारियों की अनुपस्थिति और खाली पड़ी कुर्सियों के चलते आमजन भी अपनी समस्याओं को वापस लेकर रवाना हो रहे थे। प्रभारी सचिव सुबीर कुमार ने एक्सईएन सूर्यप्रकाश संचेती से आयुक्त और एडीएम की उपस्थिति के बारे में जानकारी ली। प्रभारी सचिव ने कहा कि जब कैंप रोज लग रहा है तो बिना आयुक्त के कैंप चल रहा है क्या? आयुक्त कहां है? जनता की समस्याओं की सुनवाई करने के लिए कोई अधिकारी नहीं है। आयुक्त को ऐसा क्या बुखार आ रहा है और एडीएम साहब कहां पर है? प्रभारी सचिव के शिविर में पहुंचने की सूचना मिलते ही एडीएम और कलेक्टर शिविर में पहुंचे। इस दौरान यहां समस्याओं को लेकर आए लोगों ने सचिव के सामने समस्याओं की सुनवाई नहीं होने को लेकर नाराजगी जताई। शिविर का चौथा दिन, अधिकारी ही नहीं तो समस्याओं का समाधान कौन कर रहा? प्रभारी सचिव सुबीर कुमार ने कलेक्टर टीना डाबी की उपस्थिति में लोगों की समस्याएं सुनी। इस दौरान लोगों ने शहरी क्षेत्र में लंबे समय से पट्टों का वितरण नहीं करने की शिकायत की। अधिकारियों द्वारा कोई सही जवाब भी नहीं दिया जा रहा है। सुबीर कुमार ने आमजन को इस समस्या के संबंध में सरकार को सूचित कर विशेष छूट लेकर इस समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। इस दौरान लोगों ने अपनी समस्याओं से अवगत करवाया। सरकारी जमीन पर नगरपरिषद द्वारा जारी किए गए पट्टों की समस्या बड़ी है। उन्होंने एडीएम को तुरंत लोगों की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने वरिष्ठ सहायक उर्जाराम को फटकार लगाकर विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रभारी सचिव ने कहा कि इस संबंध में कलेक्टर द्वारा कोऑर्डिनेशन कमेटी की बैठक ली जाएगी। बैठक में पीडब्ल्यूडी, नगरपरिषद और आरयूआईडीपी के कंस्ट्रक्शन विंग के लोग इकट्ठा होकर शहर की समस्याओं को दूर करेंेगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *