भास्कर न्यूज | गिरिडीह सदर प्रखंड स्थित एसडी पब्लिक स्कूल में सोमवार को विद्यालय के पूर्व छात्र व शिक्षक रहे मिथलेश कुमार वर्मा को विदाई दी गई। मिथलेश कुमार वर्मा के भारतीय वायुसेना (एयर फोर्स) में चयन हुआ है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सिंदवरिया पंचायत के मुखिया रामेश्वर प्रसाद वर्मा, विशिष्ट अतिथि लेदा पंचायत मुखिया प्रतिनिधि बिनोद कुमार पांडेय, पंचायत समिति सदस्य रवि साहू, वार्ड सदस्य बाबूलाल प्रसाद वर्मा, लोकनाथ वर्मा, प्रयाग प्रसाद वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि ने कहा कि मिथलेश वर्मा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा इसी विद्यालय से प्राप्त की और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के साथ-साथ विद्यालय में पार्ट टाइम शिक्षक के रूप में बच्चों को शिक्षा भी दी। उनका एयर फोर्स में चयन पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। मिथलेश कहा कि जिस विद्यालय से उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की और जहां उन्होंने शिक्षक के रूप में सेवा दी, आज उसी विद्यालय परिवार से मिला स्नेह और सम्मान उनके लिए अविस्मरणीय है।


