समारोह स्थल की साफ-सफाई, पेयजल सहित अन्य सुविधाओं को सुनिश्चित करने का निर्देश

भास्कर न्यूज| कोडरमा उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर समाहरणालय सभागार में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान अधिकारियों को समारोह से जुड़ी सभी तैयारियों को समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि जिला स्तरीय मुख्य समारोह बागीटांड स्टेडियम, कोडरमा में आयोजित किया जाएगा, जहां सभी आवश्यक तैयारियाँ लगभग पूर्ण कर ली गई हैं। उपायुक्त ने समारोह स्थल की साफ-सफाई, आगंतुकों के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन सहित अन्य जरूरी सुविधाओं को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने कहा कि गणतंत्र दिवस समारोह गरिमामय और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न होना चाहिए। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली झांकियों की तैयारियों को भी समय से पूरा करने का निर्देश दिया। बैठक में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी भी दी गई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 8 बजे उपायुक्त आवास से कार्यक्रम की शुरुआत होगी। इसके बाद 9:05 बजे बागीटांड स्टेडियम में सार्वजनिक समारोह आयोजित किया जाएगा। वहीं समाहरणालय भवन, पुलिस अधीक्षक कार्यालय, उप विकास आयुक्त कार्यालय, जिला परिषद कार्यालय, अनुमंडल कार्यालय, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय, नगर पंचायत, वन प्रमंडल कार्यालय तथा पुलिस लाइन में क्रमवार ध्वजारोहण कार्यक्रम संपन्न होगा। इसके अलावा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर 25 जनवरी को शिव वाटिका, झुमरी तिलैया में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम संध्या 5:30 बजे से प्रारंभ होगा, जिसमें जिले के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। बैठक में उप विकास आयुक्त रवि जैन, अपर समाहर्ता पूनम कुजूर, जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी, प्रभारी सामान्य शाखा प्रिंस गोडविन कुजूर सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *