भास्कर न्यूज़ | कोडरमा ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की ओर से राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर महाविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांव इंदरवाटांड़ में प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में गांव की बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली बालिकाओं को महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापकों एवं बी.एड. प्रशिक्षुओं द्वारा उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया। बी.एड. सत्र 2025-27 के प्रशिक्षु विकास कुमार द्वारा प्रश्नोत्तरी सत्र का सफल संचालन किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला नोडल पदाधिकारी सौरभ शर्मा ने बालिका दिवस की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि देश की बालिकाएं राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। वर्तमान समय में बालिकाओं को शिक्षा, आत्मनिर्भरता और समान अवसर उपलब्ध कराना समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। कार्यक्रम का संचालन सहायक प्राध्यापक अनिल दास ने किया जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. पूजा कुमारी ने गया।


