सम्मेलन में महिला सशक्तिकरण, लिंग समानता और साइबर सुरक्षा पर की चर्चा

भास्कर न्यूज | गरियाबंद मंगलवार को नयी चेतना 4.0 जेंडर अभियान के अंतर्गत वन विभाग के आक्शन हाल में जिला स्तरीय जेंडर सम्मेलन सह अभिसरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सम्मेलन में घरेलू हिंसा, साइबर क्राइम, लिंग समानता, महिला सुरक्षा और अधिकारों पर विस्तृत जानकारी साझा की गई। साथ ही नीति आयोग, प्रदान टीम और चैतन्य टीम द्वारा जेंडर समानता व सामाजिक जागरूकता और सामुदायिक सशक्तिकरण पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इसके अलावा साइबर सुरक्षा के तहत ऑनलाइन ठगी, फिशिंग लिंक, संदिग्ध कॉल से बचाव और शिकायत की प्रक्रिया समझाई गई। इस अवसर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष गौरी शंकर कश्यप शामिल हुए। साथ ही जिला पंचायत उपाध्यक्ष लालिमा ठाकुर, सदस्य नंदिनी साहू, कलेक्टर बीएस. उइके, जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर, राज्य परियोजना प्रबंधक अशुतोष, डीएसपी गरिमा दादर, एनआरएलएम टीम, स्वास्थ्य विभाग व सखी सेंटर के प्रतिनिधि सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कश्यप ने कहा कि समाज के विकास में महिलाओं की भूमिका शुरू से ही महत्वपूर्ण रही है। आज महिलाए भी पुरुष के साथ कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही है और हर क्षेत्र में सक्रिय योगदान दे रही हैं। उन्होंने कहा कि बिहान योजना उनके आर्थिक सशक्तिकरण का मजबूत आधार बनी है। इस दौरान कलेक्टर उइके ने कहा कि शासन-प्रशासन द्वारा महिलाओं को अनेक अधिकार दिए गए हैं, जिससे वे अब हर क्षेत्र में बराबरी से आगे बढ़ने में सक्षम हो रही हैं। जिला पंचायत सीईओ प्रखर चंद्राकर ने कहा कि नयी चेतना 4.0 जेंडर अभियान महिला सशक्तिकरण, लैंगिक समानता और सुरक्षित सामाजिक वातावरण निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके पहले अतिथियों ने स्व-सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। स्टॉलोंं में खेल के माध्यम से लिंग समानता का संदेश दिया। साथ ही स्थानीय मसाले, खाद्य सामग्री, हस्तशिल्प, सजावटी वस्तुएं सहित कई उत्पाद प्रदर्शित किए गए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *