सम्राट इलेवन ने फाइनल मैच में पठान क्लब मानी को 27 रनों से दी शिकस्त

भास्कर न्यूज | प्रतापपुर| प्रतापपुर में आयोजित राजेश गुप्ता स्मृति कप क्रिकेट प्रतियोगिता का रविवार को समापन हुआ। फाइनल मुकाबले में सम्राट इलेवन ने अपने शानदार खेल के दम पर पठान क्लब मानी को 27 रनों से हराकर विजेता की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। फाइनल मैच में सम्राट इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। आक्रामक रुख अपनाते हुए टीम के बल्लेबाजों ने निर्धारित 12 ओवरों में 174 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पठान क्लब मानी की टीम ने भी संघर्ष किया, लेकिन सम्राट इलेवन की सटीक गेंदबाजी और कसी हुई फील्डिंग के आगे वे टिक नहीं सके। पठान क्लब की पारी 147 रनों पर सिमट गई, जिसके साथ ही सम्राट इलेवन ने 27 रनों से खिताबी जीत दर्ज की। समापन समारोह में मुख्य अतिथि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जेपी श्रीवास्तव व अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा पुरस्कार वितरण किया गया। विजेता सम्राट इलेवन की टीम को 51 हजार रुपए नगद और ट्रॉफी दी गई। उपविजेता पठान क्लब मानी की टीम को 31 हजार रुपए नगद और ट्रॉफी दी गई। जेपी श्रीवास्तव ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास के लिए जरूरी हैं, बल्कि ऐसे आयोजन युवाओं को अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं। इस अवसर पर कंचन सोनी, संजीव श्रीवास्तव, नवीन जायसवाल मौजूद रहे। प्रतियोगिता को सफल बनाने में निखिल सिंह चौहान, अजय गुप्ता, रॉबिन गर्ग आदि का योगदान रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *