सरकारी जमीन पर कब्जे के खिलाफ 18 मई को वाम जनवादी मोर्चा का धरना

भास्कर न्यूज | कोडरमा वाम जनवादी मोर्चा की बैठक में आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी गई। भारतीय सैनिकों की बहादुरी को सलाम किया गया। बैठक में जिले में जमीन से जुड़े मामलों पर चर्चा हुई। वक्ताओं ने कहा, सरकारी जमीनों पर कब्जा आम हो गया है। सर्वे के रास्ते को भी अतिक्रमण कर निजी इस्तेमाल में लाया जा रहा है। प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठे। आरोप लगाया गया कि प्रशासन माफिया और अमीर लोगों को जमीन दिलाने में मदद कर रहा है। धरगांव का उदाहरण दिया गया। बताया गया की एक ओर अंचलाधिकारी को रास्ता कब्जा मुक्त कराने का लिखित आदेश दिया जाता है। दूसरी ओर अतिक्रमणकारियों को मौखिक आदेश देकर कब्जा दिलाया जाता है। इन मुद्दों पर सीपीआई के महादेव राम की अध्यक्षता में बैठक हुई। जिला प्रशासन के रवैये की निंदा की गई। तय हुआ कि उपायुक्त कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन धरना दिया जाएगा। आंदोलन की तैयारी के लिए 18 मई को गांधी स्कूल के पास कार्यकर्ताओं का संयुक्त कन्वेंशन होगा। इसमें जिले भर से सैकड़ों कार्यकर्ता जुटेंगे। बैठक में अंचल कार्यालय में फैले भ्रष्टाचार पर भी नाराजगी जताई गई। बैठक को सीपीआई (एम) के जिला सचिव असीम सरकार, माले के जिला सचिव राजेंद्र मेहता, उदय द्विवेदी, सीपीएम नेता रमेश प्रजापति और माले नेता बिनोद पांडेय ने संबोधित किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *