मेदिनीनगर | भारतीय सेना द्वारा आतंक के सरपरस्तों को करारा जवाब देने और पाकिस्तान की धरती पर पल रहे आतंक के अड्डों को ध्वस्त करने के इस अद्वितीय पराक्रम और वीरता को नमन करते हुए तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा वीर जवानों को श्रद्धांजलि, सम्मान और भारत माता की गौरवगाथा को समर्पित होगी। यात्रा 9 बजे से संस्कृत महाविद्यालय के मैदान साहित्य समाज चौक से डॉ. राजेंद्र प्रसाद चौक 6 मुहान चौक तक निकाली जाएगी। यह जानकारी सोमेश सिंह ने दी। बारियातू | डाढ़ा पंचायत के पुक्चु गांव में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के निर्देश पर शिविर लगाया गया। शिविर में सीएचओ सेलिना एक्का, एमपीडब्ल्यू बलराम कुमार और एएनएम उषा कुमारी ने टीवी, खांसी, बुखार, शुगर और बीपी जैसी बीमारियों के लक्षणों की जांच की। शिविर में 41 महिला, पुरुष और बच्चों की जांच की गई। एनसीडी स्क्रीनिंग के 27, मलेरिया के 25 और एचबी के 22 सैंपल लिए गए। जांच के बाद मरीजों को दवा भी दी गई। सीएचओ सेलिना ने लोगों को गर्मी के मौसम में स्वस्थ रहने के उपाय भी बताए। स्वास्थ्य विभाग को उपायुक्त ने निर्देश दिया है कि खनन क्षेत्र के आसपास शिविर लगाकर ग्रामीणों की जांच और दवा वितरण किया जाए। अगला शिविर 16 मई को लगेगा।


