सरकारी जमीन पर चल रही अवैध हीरा खदान पर दबिश:यूपी प्रधान कर रहा था संचालन, राजस्व टीम ने पोकलेन-ट्रैक्टर जब्त किए, मजदूर भागे

सतना जिले की मझगवां तहसील के सालिकपुर गांव में राजस्व भूमि पर संचालित एक अवैध हीरा खदान पर राजस्व टीम ने दबिश दी। इस दौरान मौके से एक पोकलेन मशीन और एक ट्रैक्टर जब्त किया गया। यह खदान उत्तर प्रदेश के कलिंजर कटरा के प्रधान राजेंद्र रजक द्वारा पांच एकड़ सरकारी जमीन पर चलाई जा रही थी। सिंहपुर-कलिंजर रोड के किनारे कौहारी से दो किलोमीटर अंदर जंगल के बीच सालिकपुर गांव में यह खदान स्थित थी, जहां पहुंचने के लिए कोई पक्का रास्ता नहीं था। अधिकारियों को आता देख, मिट्टी खनन और परिवहन में लगे दो दर्जन से अधिक श्रमिक पोकलेन और ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर भाग गए। जब्त किए गए वाहनों को कौहारी पंचायत के सरपंच भैयालाल को सुपुर्द किया गया है। मौके पर उत्तर प्रदेश के कलिंजर कटरा का प्रधान राजेंद्र रजक मिला, जो अवैध तरीके से हीरा खदान का संचालन कर रहा था। राजेंद्र रजक के बयान भी दर्ज किए गए हैं। सरकारी जमीन पर संचालित हो रही थी खदान
शासकीय जमीन पर अवैध हीरा खदान संचालित किए जाने की रिपोर्ट मझगवां एसडीएम को भेजी गई है। एसडीएम कार्यालय से यह जानकारी आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर कार्यालय को भेजी जाएगी। मझगवां एसडीएम को बरौंधा सर्किल के यूपी सीमा से लगे कौहारी पंचायत के सालिकपुर गांव की शासकीय आराजी नंबर 21/1 के करीब पांच एकड़ जमीन में अवैध खदान की सूचना मिली थी। इस सूचना के आधार पर एसडीएम महिपाल सिंह गुर्जर ने बरौंधा सर्किल के नायब तहसीलदार डॉ. सुदामा प्रसाद के नेतृत्व में एक टीम गठित की थी। टीम में राजस्व निरीक्षक रजनीश वर्मा, पटवारी स्वप्रिल तिवारी, आलोक द्विवेदी, अजय करण पाण्डेय और मनीष पांडेय सहित कई अन्य सदस्य शामिल थे। बताया कि राजेंद्र कई सालों से खदान चला रहे हैं, आज तक कोई नहीं आया। यह पहला मौका है जब कोई ठोस कार्यवाही हुई है। जंगल के बीच राजस्व की जमीन से हीरा निकालने के लिए करीब 5 एकड़ जमीन को खोदा गया। मिट्टी की धुलाई के लिए पानी की पिट और हीरा की बिनाई का काम किया जाता है। काम में लगाए गए थे बिना नंबर के वाहन मौके पर जब्त किए गए पोकलेन मशीन और ट्रैक्टर में किसी भी प्रकार का रजिस्ट्रेशन नंबर नहीं था। इन दोनों वाहनों के चेचिस नंबर लिए गए हैं। पोकलेन मशीन का चेचिस नंबर 13 जी 2096 और ट्रैक्टर का चेचिस नंबर डब्ल्यूएसटीके 304271098 है। इन दोनों वाहनों को जब्त किया गया है।इस मामले में एसडीएसम मझगवां महिपाल सिंह गुर्जर ने बताया कि बरौंधा सर्किल के सालिकपुर गांव में हीरा की अवैध खदान के संचालन की सूचना मिली थी। टीम बना कर जांच के लिए भेजा गया। मौके पर कई वाहन भी जब्त किए गए हैं। आगे की कार्रवाई के लिए कलेक्टर कार्यालय में प्रकरण भेजा जा रहा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *