दौसा जिले के महवा क्षेत्र के एक गांव की सरकारी स्कूल में नाबालिग स्कूली छात्राओं से छेड़छाड़ के आरोपी टीचर की गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक रंजिता शर्मा ने 5 हजार का इनाम घोषित किया है। मामले को लेकर परिजनों द्वारा महवा में पुलिस उपाधीक्षक कार्यालय के सामने पिछले सप्ताह से धरना प्रदर्शन किया जा रहा था। जहां डीएसपी रमेश तिवाडी और थाना इंचार्ज जितेन्द्र सोलंकी द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी के आश्वासन व समझाइश के बाद धरना समाप्त हो गया। यहां आरोपी टीचर की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पीडित परिवार के लोग धरने पर बैठे हुए थे। इनकी मांग थी कि जब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होगी तब तक धरना जारी रहेगा। ऐसे में पुलिस द्वारा उनकी मांगों पर कार्रवाई के आश्वासन के बाद धरना खत्म कर दिया गया। बता दें कि एक गांव के गवर्नमेंट प्राइमरी स्कूल के टीचर पर छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए नाबालिग के पिता ने रिपोर्ट दी थी। जिसमें बताया था कि टीचर उसकी नाबालिग बेटी समेत चार अन्य नाबालिग बच्चियों को अश्लील वीडियो दिखाकर छेड़छाड़ करता है। बच्चियों द्वारा इसकी शिकायत अपने परिजनों से की तो उन्होंने पुलिस थाने में टीचर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई।


