भास्कर न्यूज | जालंधर पंजाब सरकार ने मेडिकल और डेंटल कॉलेजों में एमबीबीएस और बीडीएस कोर्स की फीस में बदलाव किया है। इसके लिए बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ मेडिकल साइंसेज की ओर से पत्र जारी कर मेडिकल कॉलेजों में दाखिला लेने वाले छात्रों को सूचित किया है। जारी पत्र में कहा गया है कि फीस में यह बदलाव 2025-26 से लागू होगा। आरक्षण नीति के तहत पंजाब के स्वतंत्रता सेनानियों के बच्चों और पोतों के लिए 1 फीसदी आरक्षण रहेगा। यह आरक्षण 14 सितंबर 1995 की नीति के अनुसार लागू होगा। इसके साथ ही एनआरआई कोटे के तहत सभी प्राइवेट संस्थानों, गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज फरीदकोट और डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज मोहाली में 15 फीसदी सीटें आरक्षित रहेंगी। सरकारी मेडिकल कॉलेज पटियाला और अमृतसर में 13-13 सीटें, सरकारी डेंटल कॉलेज अमृतसर में 3 सीटें और पटियाला में 4 सीटें एनआरआई छात्रों के लिए आरक्षित रहेंगी। राज्य और ऑल इंडिया कोटे के तहत एमबीबीएस और बीडीएस में दाखिला लेने वाले छात्रों को सेवा बांड भरना होगा। यह बांड 20 लाख रुपए का होगा। ऑल इंडिया कोटे के छात्रों को एक साल और राज्य कोटे के छात्रों को दो साल की सेवा देनी होगी। सरकार की अनुमति से सेवा अवधि बढ़ाई जा सकती है। जारी बदलाव के मुताबिक सरकारी मेडिकल कॉलेजों और सरकारी सोसाइटी की ओर से चलाएं जा रहे कॉलेजों में एमबीबीएस की पहली साल की फीस 1.92 लाख रुपए तय की गई है। दूसरी साल की फीस 2.11 लाख, तीसरी साल की 2.29 लाख, चौथी साल की 2.49 लाख और अंतिम छह महीने की फीस 1.17 लाख रुपए होगी। वहीं एनआरआई छात्रों के लिए पूरे कोर्स की फीस 1,10,000 अमेरिकी डॉलर तय की गई है। वहीं, प्राइवेट हेल्थ साइंसेज एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में सरकारी कोटे के तहत पहली साल की फीस 4.47 लाख रुपए होगी। दूसरी साल की 4.90 लाख, तीसरी साल की 5.36 लाख, चौथी साल की 5.81 लाख और अंतिम छह महीने की फीस 3.13 लाख रुपए तय की गई है। मैनेजमेंट कोटे के तहत पहली साल की फीस 11.49 लाख, दूसरी साल की 12.64 लाख, तीसरी साल की 13.80 लाख, चौथी साल की 14.94 लाख और अंतिम छह महीने की फीस 8.05 लाख रुपये होगी। एनआरआई छात्रों के लिए यहां भी पूरे कोर्स की फीस 1,10,000 अमेरिकी डॉलर तय की गई है।


