सरकारी भूमि पर अतिक्रमण नहीं हो, तुरंत करें कार्रवाई

भास्कर न्यूज | गढ़वा समाहरणालय सभागार में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त दिनेश कुमार यादव की अध्यक्षता में बुधवार को राजस्व संबंधी समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी अंचलों से संबंधित अद्यतन रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। राजस्व कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने अंचल अधिकारियों से लंबित मामलों की जानकारी प्राप्त की और निष्पादन में तेजी लाने के निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों का समयबद्ध निष्पादन सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। कार्यों में लापरवाही या विलंब किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं होगा। अगर किसी भी अधिकारी व कर्मी के विरुद्ध गलत कार्यों में संलिप्तता की खबर प्राप्त होगी तो उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। बैठक में भू अर्जन, दाखिल-खारिज, परिशोधन पोर्टल, सीमांकन, नक्शा त्रुटि सुधार, प्रमाण पत्र निर्गत कार्य, लंबित वादों की स्थिति सहित अन्य राजस्व संबंधित विषयों पर विस्तार पूर्वक समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी अंचल अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण की सतर्कता व पारदर्शिता के साथ सुनवाई करें और लाभुकों को समय पर राहत प्रदान करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित समीक्षा व निगरानी सुनिश्चित करने, सभी रिकॉर्ड अद्यतन रखने और जन सुनवाई में प्राप्त शिकायतों का तत्परता से समाधान करने पर बल दिया। साथ ही सभी अनुमंडल पदाधिकारी व अंचल अधिकारियों को यह बात सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया। किसी भी प्रकार के सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा या अतिक्रमण नहीं होना चाहिए। यदि इस प्रकार के मामले प्रकाश में आए तो उसे तत्परता से अतिक्रमण मुक्त करने की दिशा में कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। मौके पर उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, जिला भू अर्जन पदाधिकारी, सभी एसडीओ, सभी भूमि सुधार उप समाहर्ता, सभी अंचल अधिकारी आदि मौजूद थे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *