झारखंड में पैसों के अभाव में सरकारी योजनाएं लटकने लगी हैं। पैसे न मिलने से ठेकेदारों ने सड़क, पुल-पुलिया और भवन निर्माण का काम रोक दिया है। अधिकारियों के दबाव के बावजूद वे काम करने को राजी नहीं हैं। खूंटी, धनबाद और जमशेदपुर में ही पैसों के अभाव में 40 से अधिक सड़कों का काम प्रभावित हुआ है। इसी तरह दर्जनों पुलों का निर्माण भी अटका हुआ है। कहीं 30 फीसदी काम होने के बाद ठेकेदारों ने काम समेट लिए तो कहीं 50 फीसदी काम होने के बाद से निर्माण बंद है। तीन जिलों की महत्वपूर्ण योजनाओं की पड़ताल में यह मामला सामने आया है। फंड के अभाव में कार्यपालक अभियंता भी परेशान हैं। उनका कहना है कि वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी दे दी गई है। जब तक पैसे नहीं मिलते, तब तक काम को आगे बढ़ाना मुश्किल है। पूर्वी सिंहभूम : हेल्थ सब सेंटर और स्किल डेवलपमेंट सेंटर का काम फंसा पूर्वी सिंहभूम में 25 हेल्थ सब सेंटर स्वीकृत हुआ था, लेकिन 10 योजनाएं अधूरी हैं। बहरागोड़ा व गुड़ाबांधा में 83-83 लाख रुपए से बनने वाले स्टेडियम का भी काम कभी भी बंद हो सकता है। इसी तरह मुसाबनी के स्किल डेवलपमेंट सेंटर का भी काम भी बीच में ही अटका हुआ है। कार्यपालक अभियंता बोले… भवन निर्माण विभाग के जमशेदपुर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता लालजीत राम ने कहा- पैसे आवंटन के अभाव में काम बाधित हो रहा है। पैसों के लिए विभाग को पत्र लिखा गया है। खूंटी : पैसे नहीं मिले तो 30 से अधिक सड़कों का काम ठेकेदारों ने बीच में रोका खूंटी के ग्रामीण कार्य प्रमंडल द्वारा बनाई जा रही 30 से अधिक सड़कों का निर्माण अधूरा पड़ा है। खूंटी के शिव कुमार साहू ने 22 ग्रामीण सड़कों का टेंडर लिया है। करीब 54 करोड़ रुपए से इन सड़कों का निर्माण करना है। शिव के मुताबिक 17 करोड़ का काम कर चुके हैं, लेकिन भुगतान नहीं हुआ। कार्यपालक अभियंता बोले… कार्यपालक अभियंता सुशील कुमार झा ने कहा कि पैसों के अभाव में 30 से अधिक सड़कों का काम प्रभावित हुआ है। करीब 35 करोड़ का भुगतान करना है। लेकिन सरकार से पैसे नहीं मिल रहे। धनबाद : जहाजबांध और चंदनकियारी के बीच अधूरा पड़ा है ग्राम सेतु का पुल झरिया के भौरा स्थित जहाजबांध और चंदनकियारी के बीच मुख्यमंत्री ग्राम सेतु योजना से 11.37 करोड़ रुपए से पुल बन रहा है। 35% काम होने के बाद काम रोक दिया गया हैै। इसके तहत पूर्वी टुंडी प्रखंड में सोनापानी नदी पर बन रहे पुल का निर्माण भी अटका पड़ा है। कार्यपालक अभियंता बोले… विशेष प्रमंडल धनबाद के कार्यपालक अभियंता नरेंद्र कुमार ने कहा-फंड के अभाव में जिले में विधायक द्वारा अनुशंसित करीब 16 पुल-पुलिया का काम प्रभावित है। विभाग को जानकारी दी गई है। सरकार से पैसों के आवंटन का इंतजार पैसों के अभाव में काम नहीं रोका गया है। भुगतान लगातार होता रहता है। सरकार से आवंटन प्रक्रिया में थोड़ा विलंब हुआ है। इसके बावजूद आवंटन नियमित रूप से मिलता रहता है। जहां भी बकाया है, उसकी पूरी राशि का भुगतान होगा। इसमें कहीं कोई परेशानी नहीं है।-श्रवण कुमार, मुख्य अभियंता, आरईओ


