भास्कर न्यूज| बारां अब सरकारी स्कूलों में भी बच्चों के जन्मदिन मनाए जाएंगे। यह सुविधा 9वीं से 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए रहेगी। इसमें सेलिब्रेशन के लिए एक घंटे का समय मिलेगा। इसको लेकर विभाग द्वारा आदेश जारी किया गया है। इसके अनुसार बच्चों को उनके जन्मदिन पर खुशियां देने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग ने यह पहल की है। इसमें 9वीं से 12वीं के बच्चों का जन्मदिन स्कूल में मनाया जाएगा। खास बात यह है कि इसमें जिसका जन्मदिन होगा, वह अपने सहपाठियों नहीं, बल्कि बाल वाटिकाओं में आंगनबाड़ी या प्राइमरी स्तर के बच्चों के साथ सेलिब्रेशन करेगा। इसमें संबंधित बच्चे के जन्मदिन पर छोटे बच्चे गीत-कविता, गाना गाकर सुनाएंगे। जिसका जन्मदिन होगा वह भी इसमें गायन प्रतिभा दिखा सकेगा। अपने मिडिल स्तर तक के सफर का अनुभव छोटे बच्चों को सुनाएगा। जो बच्चे अपना जन्मदिन नहीं मनाते हैं, उनको संबंधित स्कूल के शिक्षक प्रेरित करेंगे। वरिष्ठ शासन उप सचिव ओपी वर्मा ने इसके आदेश जारी किए।


