राजसमंद में नाथद्वारा के स्वतंत्रता सेनानी नरेंद्र पाल चौधरी राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) की ट्रेनिंग दी गई। सीपीआर के संदर्भ में जीवन रक्षक कौशल पर आधारित एक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य छात्राओं एवं विद्यालय स्टाफ को आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित और सही निर्णय लेकर जीवन बचाने के लिए जागरूक करना था। कार्यशाला में स्कूल की प्राचार्या, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्राओं ने अचानक कार्डियक अरेस्ट, हार्ट अटैक, भगदड़ व दम घुटने जैसी स्थितियों में सीपीआर देने की सही प्रक्रिया का प्रशिक्षण प्राप्त किया। राजकीय चिकित्सालय के क्रिटिकल केयर विशेषज्ञ डॉ. बी.एल. जाट ने सीपीआर की व्यावहारिक जानकारी देते हुए हार्ट अटैक और हार्ट फेल होने के लक्षणों, कारणों एवं बचाव के उपायों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। डॉ. जाट ने बताया कि सही समय पर दिया गया सीपीआर किसी की जान बचाने में अत्यंत सहायक सिद्ध हो सकता है। कार्यशाला के दौरान नर्सिंगकर्मी निखिल पालीवाल एवं योग गुरु प्रवीण सनाढ्य ने भी स्वास्थ्य एवं फिटनेस से जुड़ी उपयोगी जानकारी साझा की। कार्यक्रम में प्राचार्या गायत्री सनाढ्य सहित विद्यालय स्टाफ व बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।


