अलवर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत राजकीय नवीन उच्च माध्यमिक विद्यालय में शनिवार रात चोरी की वारदात हुई। विद्यालय के बोर्ड कक्ष (कक्ष संख्या–2) का ताला टूटा पाया गया। घटना की जानकारी रात्री चौकीदार ने सुबह 5 बजे विद्यालय स्टाफ को दी। सूचना मिलते ही बोर्ड प्रभारी महेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि कक्ष में रखी पांचों अलमारियाँ खुली हुई थीं, जिनमें से एक अलमारी लॉक थी जिसमें लगभग 85,000 रुपये रखे हुए थे। चोर अलमारी का ताला तोड़कर रकम निकालकर ले गए। कक्ष में रखे परीक्षा संबंधी महत्वपूर्ण दस्तावेज भी बिखरे पड़े थे। विद्यालय के प्रार्थना स्थल का चैनल गेट भी मुड़ा हुआ मिला, जिससे चोरों के अंदर प्रवेश करने की आशंका है। वहीं शौचालय में वाश बेसिन के नल को तोड़ने का भी प्रयास किया गया। विद्यालय प्रशासन के अनुसार, चोर टंकी की तरफ से छज्जे पर चढ़कर अंदर आए। उन्होंने CCTV कैमरों का डायरेक्शन बदल दिया, जिससे फुटेज में उनकी पहचान दिखाई नहीं दे रही। विद्यालय के प्रिंसिपल राजेश मुखीजा ने बताया कि रविवार सुबह अलमारी और कमरे की हालत देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। उन्होंने कहा कि नगदी और कुछ दस्तावेज गायब हैं तथा CCTV फुटेज में संशोधन से यह स्पष्ट है कि वारदात पूरी प्लानिंग के साथ की गई है। विद्यालय प्रशासन ने रिपोर्ट दे दी है पुलिस अब CCTV फुटेज, मौके की स्थिति और स्कूल परिसर के आसपास की गतिविधियों के आधार पर जांच में जुटी है।


