प्रदेश सरकार का एक वर्ष पूरा होने पर शनिवार को विधायक जयदीप बिहाणी की ओर से अभिनंदन समारोह रखा गया है। इसमें प्रदेश सरकार के कई केबिनेट मंत्रियों के शामिल हाेने की संभावना है। अभिनंदन समारोह एसडी बिहाणी कॉलेज के खेल मैदान में सुबह 11.30 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार की एक साल की उपलब्धियों का बखान किया जाएगा। प्रदेश सरकार के मंत्री विभिन्न क्षेत्रों में हुए कार्यों की जानकारी देंगे। विधायक जयदीप बिहाणी ने बताया कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल में आमजन में विश्वास की भावना जगी है। श्रीगंगानगर जिले सहित राजस्थान में अनेक परियोजनाओं ने मूर्त रूप लिया है। उन्होंने बताया कि शनिवार को होने वाले आयोजन में डिप्टी सीएम प्रेमचंद बेरवा, प्रभारी मंत्री सुमित गोदारा, गौतम दक, किरोड़ीलाल मीणा, केके बिश्नोई, हीरालाल नागर, अविनाश गहलोत, सीपी जोशी, जोगाराम पटेल, जवाहर सिंह बेडम, मदन राठौड़, पूर्व मंत्री राजेन्द्र राठौड़ सहित अन्य मंत्री शामिल होंगे।


