राजस्थान सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में श्री कृष्ण गोशाला में गोपूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गोमाताओं को हरा चारा और गुड़ खिलाया गया। वहीं, जिला स्तरीय गोपालन समिति की बैठक में कलेक्टर ने अंधे और अपाहिज गोवंश को तीन महीने की अतिरिक्त सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए। समिति के सचिव प्रेम दाधीच ने बताया कि कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष हर्षवर्धन शर्मा, नगर परिषद चेयरमैन प्रदीप सिंह राजावत, भाजपा एससी मोर्चा अध्यक्ष प्रकाश वर्मा, गोशाला अध्यक्ष दिलीप मित्तल, संयुक्त निदेशक पशुपालन विभाग डॉ. तुकाराम बंसोड, यमुताईं बंसोड, डॉ. अंकिता शर्मा और डॉ. विक्रम सिंह उपस्थित रहे। इस अवसर पर हर्षवर्धन शर्मा ने बताया कि राजस्थान सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने पर पूरे प्रदेश की गौशालाओं में गोपूजन का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने गोसेवा के महत्व पर जोर दिया। नगर परिषद चेयरमैन प्रदीप सिंह राजावत ने गोशाला में गोमाताओं की सेवा की सराहना की। डॉ. बंसोड ने अपनी टीम के साथ गोमाताओं के स्वास्थ्य की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कार्यक्रम में शहर के गणमान्य नागरिक ओम अग्रवाल, कैलाश मेहरा, गोरधन शर्मा, जया जोशी, पशुधन सहायक विद्यार्थियों सहित अनेक माताओं और बहनों ने भाग लिया। गोमाता का पूजन पंडित सत्यनारायण ने संपन्न करवाया। बाद में सभी अतिथियों ने गोशाला की गोमाताओं को हरा चारा, गुड़ और दलिया खिलाया। अंधे, अपाहिज गोवंश को 3 माह अतिरिक्त सहायता झालावाड़ में जिला स्तरीय गोपालन समिति की बैठक जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में सोमवार को मिनी सचिवालय सभागार में संपन्न हुई। बैठक में अंधे और अपाहिज गोवंश को जुलाई, अगस्त और सितंबर 2025 के लिए तीन माह की अतिरिक्त सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए गए। समिति के सदस्यों के साथ चर्चा के दौरान जिले की 53 पात्र गौशालाओं को वित्तीय वर्ष 2025-26 के प्रथम चरण (अप्रैल 2025 से जून 2025 तक अधिकतम 90 दिवस) की सहायता राशि जारी करने पर भी विचार किया गया। इसके अतिरिक्त, ग्राम पंचायत गोशाला और पंचायत समिति स्तरीय नंदीशाला की स्थापना के लिए निविदा जारी करने तथा झालरापाटन नंदीशाला के निर्माण कार्यों हेतु द्वितीय किश्त जारी करने के अनुमोदन पर भी चर्चा हुई। जिला कलेक्टर ने ग्राम पंचायत गौशालाओं के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित उपखण्ड अधिकारियों को उन ग्राम पंचायत गौशालाओं का नियमित और व्यापक मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए, जिनका निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है। जिन गौशालाओं का निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं हुआ है, उन्हें नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक के दौरान पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. टी. ए. बनसोड़ ने गौशालाओं के भौतिक सत्यापन, निरीक्षण, विभागीय गतिविधियों और योजनाओं से संबंधित आवश्यक जानकारियों से जिला कलक्टर को अवगत कराया। इस अवसर पर एडीएम अनुराग भार्गव, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक कैलाश चन्द मीणा, कोषाधिकारी हेमराज मीणा, जिला परिषद् के अधिशाषी अभियंता (अभियांत्रिकी) बृजपाल सिंह सहित जिला स्तरीय गोपालन समिति के सदस्य उपस्थित रहे।


