सरकार को कंप्यूटर टीचर्स की चेतावनी- मांगें न मानने पर करेंगे भूख हड़ताल

भास्कर न्यूज | जालंधर शहर के देश भगत यादगार हॉल में कंप्यूटर अध्यापक संघर्ष समिति ने बैठक की। इसमें आने वाले समय में संघर्ष की रूपरेखा तय करने के लिए विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान संगठन के प्रदेश स्तरीय नेता जॉनी सिंगला और यूनियन के अन्य नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा कंप्यूटर अध्यापकों की लंबे समय से लंबित मांगों को नजरअंदाज किया जा रहा है। मांगों को पूरा करने के लिए किए गए सरकारी वायेदों को लंबा समय बीत जाने के बावजूद भी लागू नहीं किया गया। इसके उलट सरकार ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा कंप्यूटर अध्यापकों के पक्ष में दिए गए फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। इसके साथ ही 191 दिनों तक संगरूर में धरना देने के बावजूद भी सरकार ने कंप्यूटर अध्यापकों का साथ नहीं दिया। इस दुनिया को अलविदा कह चुके 110 कंप्यूटर अध्यापक साथियों के परिवारों की हालत दयनीय है, जिन्हें अब तक कोई भी मदद नहीं मिली। सरकार को चेतावनी देते हुए नेताओं ने कहा कि यदि समय रहते पंजाब सरकार ने कंप्यूटर अध्यापकों को उनके अधिकार नहीं दिए, तो जनवरी महीने के दूसरे शनिवार को जिला स्तर पर अर्थी फूंक प्रदर्शन किए जाएंगे। वहीं शहीद भगत सिंह के जन्मदिवस 23 मार्च को संगरूर और चंडीगढ़ में राज्य स्तरीय रैली होगी। बैठक में रणजीत सिंह, नरदीप शर्मा, सुनीत सरीन, बवलीन बेदी, रजवंत कौर, करमजीत पुरी, अंजू जैन और मनप्रीत सिंह आदि मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *