अंबिकापुर | शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा ने मायापुर स्थित विद्युत मंडल के पूर्वी जोन कार्यालय का घेराव कर बढ़ी हुई बिजली दरों को वापस लेने की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। पाठक ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद से 80 पैसे प्रति यूनिट बिजली दर बढ़ा दी गई है और बिजली बिल हाफ योजना को समाप्त कर आम उपभोक्ताओं पर दोगुना बिल थोप दिया गया है। उन्होंने इसे प्रायोजित लूट करार देते हुए कहा कोयला, जमीन और पानी हमारे राज्य का है, फिर भी जनता महंगी बिजली क्यों भुगते। प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस ने भी हस्ताक्षर अभियान चलाया।


