भास्कर न्यूज | राजिम नगर के शासकीय राम विशाल पांडेय उत्कृष्ट आत्मानंद अंग्रेजी मीडियम विद्यालय में स्वामी आत्मानंद जयंती मनाई गई। जिसमें सोमनाथ पटेल सांसद प्रतिनिधि, संजीव साहू सदस्य व भाजपा नेता, विवेक शर्मा राष्ट्रीय आईटी. सेल प्रभारी, प्राचार्य संजय एक्का, शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित हुए। सांसद प्रतिनिधि सोमनाथ पटेल ने कहा कि स्वामी आत्मानंद का जन्म 6 अक्टूबर 1929 को छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के बरबंदा गांव में हुआ था। बचपन का नाम तुलेंद्र था। वे बचपन से ही बहुत ही मेधावी, एकाग्र बुद्धि वाले थे। उन्होंने आईसीएस की परीक्षा में टॉप किया। उन्होंने रामकृष्ण मिशन और स्वामी विवेकानंद के विचारों से प्रभावित होकर अपना सारा जीवन जनसेवा के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने शिक्षा और आदिवासियों के उत्थान के लिए अनेक कार्य किए हैं, इसलिए उन्हें छत्तीसगढ़ के आधुनिक शिक्षा के जनक माना जाता है।भाजपा व प्रबंध समिति के सदस्य संजीव साहू ने कहा कि स्वामी आत्मानंद ने समाज सुधार के क्षेत्र में बहुत कार्य किए हैं। साथ ही वनांचल क्षेत्र में रहने वाले आदिवासियों को शिक्षा के लिए निरंतर प्रेरित करते रहे हैं। राष्ट्रीय आईटी सेल प्रभारी विवेक शर्मा ने स्वामी आत्मानंद पर कहा कि स्वामी आत्मानंद एक सामान्य व्यक्ति होते हुए भी अपने तेज़ बुद्धिमत्ता और समाज सेवा में अग्रणी होने के कारण केवल छत्तीसगढ़ में नहीं, बल्कि पूरे भारत में बड़े सम्मान के साथ जाने जाते हैं। विद्यालय के प्राचार्य संजय एक्का ने कहा कि स्वामी आत्मानंद एक महान संत थे। उन्होंने जीवन पर्यंत लोगों की भलाई और सेवा के लिए निरंतर कार्य किए हैं। कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं द्वारा मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया गया। संचालन 12वीं की छात्रा सुहानी बंजारे ने किया। आभार व्यक्त ईशान साहू ने किया।


