भास्कर न्यूज | प्रतापपुर प्रतापपुर विकासखंड स्तरीय सरगुजा ओलम्पिक खेल प्रतियोगिता का समापन समारोह प्रतापपुर के हाई स्कूल ग्राउंड में उत्साह और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर प्रतापपुर क्षेत्र की विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। समापन समारोह में विधायक शकुंतला पोर्ते ने प्रतियोगिता में विजेता एवं उपविजेता रहे खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सरगुजा ओलम्पिक जैसे आयोजनों से ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को मंच मिलता है और खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को नशे एवं गलत दिशा से दूर रखती हैं तथा स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। प्रतियोगिता के दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों से आए खिलाड़ियों ने कबड्डी, खो-खो, वॉलीबॉल सहित अन्य खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। पूरे आयोजन के दौरान खेल भावना, अनुशासन और आपसी भाईचारे की भावना देखने को मिली, जिससे प्रतियोगिता का स्तर सराहनीय रहा। समापन अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, खेल प्रशिक्षकों, आयोजन समिति के सदस्यों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे। सफल आयोजन के लिए खेल विभाग एवं आयोजन समिति की सभी उपस्थित अतिथियों द्वारा सराहना की गई। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश तायल, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुखमनिया आयाम, नगर पंचायत अध्यक्ष मानती योगेंद्र सिंह, जनपद पंचायत सीईओ अनिल तिवारी सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।


