भास्कर न्यूज | जशपुरनगर सरगुजा ओलंपिक 2026 के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को संभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व सरगुजा कमिश्नर नरेन्द्र दुग्गा ने वर्चुअल माध्यम से किया। जिला कलेक्टरेट कार्यालय अम्बिकापुर में एनआईसी कक्ष में पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा, जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग की डायरेक्टर तूलिका सलाम, कलेक्टर सरगुजा अजीत वसंत सहित संभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सरगुजा संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। जशपुर जिले से कलेक्टर रोहित व्यास, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार, सहायक कलेक्टर अनिकेत अशोक, खेल अधिकारी और जनपद पंचायत सीईओ सक्रिय रूप से बैठक में भाग लिए। कमिश्नर नरेन्द्र दुग्गा ने कहा कि सरगुजा संभाग अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्र है, और यहां के युवाओं में खेलों के प्रति स्वाभाविक रुचि एवं अपार क्षमता है। छत्तीसगढ़ शासन की इस पहल का उद्देश्य आदिवासी अंचल के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाना और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि यह प्रतियोगिता युवाओं को अपने हुनर को प्रदर्शित करने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी और खेल प्रतिभाओं को नई पहचान मिलेगी। बैठक के दौरान संभागायुक्त ने सरगुजा ओलंपिक की जिलेवार तैयारियों का विस्तृत अवलोकन किया। सभी जिला कलेक्टरों ने अपने-अपने जिले में आयोजन की तैयारियों की जानकारी साझा की। दुग्गा ने अब तक हुए पंजीयन की स्थिति पर ध्यान दिया और पंजीयन बढ़ाने के लिए प्रचार-प्रसार को बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पंजीयन की अंतिम तिथि 25 जनवरी है, इसलिए सभी जिलों में इसे सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए जाएं। आयोजन की सफलता के लिए विभागों के बीच समन्वय कर स्पष्ट कार्ययोजना बनाने का निर्देश दिया गया। सरगुजा ओलंपिक में विकासखण्ड स्तरीय आयोजन 28 जनवरी से 3 फरवरी तक, जिला स्तरीय आयोजन 5 फरवरी से 10 फरवरी तक और संभाग स्तरीय आयोजन 1 मार्च से 3 मार्च तक आयोजित होंगे। पंजीयन विकासखण्ड शिक्षा कार्यालय, जनपद कार्यालय, खेल विभाग के जिला कार्यालय के माध्यम से ऑनलाइन और ऑफलाइन किया जा सकता है। प्रतियोगिता में एथलेटिक्स दौड़, गोला फेंक, भाला फेंक, तवा फेंक, लंबी कूद, ऊंची कूद, 4×100 रिले रेस, तीरंदाजी, बैडमिंटन, फुटबॉल, कराटे, कबड्डी, खो-खो, बास्केटबाल और बालीबाल आयोजित होंगे। पुलिस थानों में हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे कमिश्नर ने सभी जिला और विकासखण्ड स्तर के खेल अधिकारियों को स्कूल, कॉलेज और खेल संघों के माध्यम से ओलंपिक की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के निर्देश दिए। जिला पंचायत सीईओ को भी वॉल राइटिंग और अन्य माध्यमों से जागरूकता बढ़ाने का जिम्मा सौंपा गया। पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा ने कहा कि पुलिस विभाग आयोजन में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करेगा और प्रचार-प्रसार में भी सहयोग देगा। पुलिस थानों में हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे ताकि प्रतिभागियों को मार्गदर्शन मिल सके।


